
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ( यूपीएसएसएससी ) की ओर से कराई जाने वाली ग्राम विकास अधिकारी, ग्राम पंचायत अधिकारी और समाज कल्याण अधिकारी के पद पर 2018 की भर्ती परीक्षा को हाल ही में रद्द कर दिया गया था. भर्ती परीक्षा में धांधली पाए जाने के बाद ये फैसला लिया गया था और अब यूपी पुलिस ने 11 लोगों को गिरफ्तार किया है. इन लोगों से लाखों का कैश भी बरामद किया गया है.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, SIT अधिकारी बता रहे हैं कि भर्ती परीक्षा में धांधली कर जगह बनाने के लिए पूरी प्लानिंग की गई थी. आवेदकों से लाखों की रकम ली गई थी. इसके बाद जो ऐसे आवेदक थे उन्हें कहा जाता था कि ओएमआर सीट को न भरे और बाद में स्केनिंग करते वक्त सही जवाब के साथ ओएमआर शीट में सही विकल्प भर दिए जाते थे.
इस परीक्षा के तहत कुल 1953 पदों पर भर्तियां होनी थी. 30 मई 2018 को नोटिफिकेशन जारी किया गया था. 28 अगस्त, 2019 को लिखित परीक्षा के नतीजे जारी कर दिए गए थे लेकिन डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन पूरा नहीं हो सका. धांधली की बात सामने आई कुछ नेताओं ने भी मांग रखी तो साल 2020 में SIT बनाकर जांच शुरू कर दी गई. मार्च, 2021 में परीक्षाओं को रद्द करने का ऐलान किया गया, जिसके बाद से छात्रों का प्रदर्शन भी देखा गया और समाजवादी पार्टी-कांग्रेस ने सरकार पर सवाल भी उठाए थे.
फिलहाल, यूपी में पंचायत चुनाव होने जा रहे हैं, प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. पंचायत चुनाव के बाद ये परीक्षा फिर से कराई जा सकती है.
(हैलो दोस्तों! हमारे Telegram चैनल से जुड़े रहिए यहां)
Published: undefined