
कोरोना वायरस संक्रमण की दूसरी लहर के बाद से देश में हालात चिंताजनक हैं. अब इन गंभीर हालातों के बीच PM मोदी आज 8.45 बजे देश को संबोधित करने वाले हैं. पीएम मोदी का संबोधन ऐसे वक्त में हो रहा है रोजाना ढाई लाख से ज्यादा नए कोरोना केस आ रहे हैं. कई राज्य ऑक्सीजन की तंगी का सामना कर रहे हैं, जिसके चलते इलाज पा रहे मरीजों की मौत हो रही है. कई राज्यों ने केंद्र से मदद करने का भी निवेदन किया है.
महाराष्ट्र सरकार में मंत्री असलम शेख ने न्यूज एजेंसी ANI से बात करते हुए कहा था कि मेडिकल ऑक्सीजन की सप्लाई की कमी को देखते हुए महाराष्ट्र पूर्ण लॉकडाउन की तरफ बढ़ रहा है. इससे संबंधित गाइडलाइन का ऐलान जल्द किया जाएगा. वहीं स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा है कि उन्होंने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से 21 अप्रैल रात 8 बजे से टोटल लॉकडाउन लगाने का निवेदन किया है. उनके मुताबिक सभी मंत्रियों ने मिलकर ये सुझाव दिया है अब वो फैसला करेंगे.
राजधानी दिल्ली के अस्पताल लगातार ऑक्सीजन की मांग कर रहे हैं. कुछ अस्पतालों का कहना है कि उनके पास चंद घंटों के लिए ऑक्सीजन बची है. इसे लेकर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्र से कहा है कि दिल्ली को तुरंत ऑक्सीजन दिया जाए. केजरीवाल ने कहा कि ऑक्सीजन की कमी से हालत गंभीर हो चुके हैं.
20 अप्रैल को देशभर में कोरोना केस ढाई लाख के पार आए हैं. पिछले 24 घंटे में 2,59,170 नए केस और 1,761 लोगों की मौत हुई है. नए मामले आने के बाद कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 1,53,21,089 हुई. 1,761 नई मौतों के बाद कुल मौतों की संख्या 1,80,530 हो गई है. देश में सक्रिय मामलों की कुल संख्या 20,31,977 है और डिस्चार्ज हुए मामलों की कुल संख्या 1,31,08,582 है.
(हैलो दोस्तों! हमारे Telegram चैनल से जुड़े रहिए यहां)
Published: 20 Apr 2021,08:12 PM IST