LIVE|दिल्ली में ऑक्सीजन की सप्लाई बेहतर करने पर काम जारी:MHA सूत्र

देश और दुनिया की तमाम खबरें के LIVE अपडेट यहां पढ़िए.  
क्विंट हिंदी
भारत
Updated:

देश और दुनिया की तमाम खबरें के सबसे लेटेस्ट अपडेट्स आप यहां पढ़ सकते हैं. इसमें चुनावी खबरों से लेकर से खेल और बॉलीवुड से अर्थव्यवस्था तक की ताजा खबरें शामिल होंगी. कोरोना वायरस के मामले रोजाना नए रिकॉर्ड बना रहे हैं. कई राज्यों से ऑक्सीजन और अस्पतालों में बेडों की कमी की खबरें सामने आ रही हैं. देश की इन सभी बड़ी खबरों पर आज हमारी नजर होगी.

(हैलो दोस्तों! हमारे Telegram चैनल से जुड़े रहिए यहां)

दिल्ली में ऑक्सीजन की सप्लाई बेहतर करने पर काम जारी:MHA सूत्र

न्यूज एजेंसी ANI ने गृह मंत्रालय के सूत्रों के हवाल से बताया है दिल्ली में ऑक्सीजन सप्लाई को बेहतर करने पर काम किया जा रहा है.

ऑक्सीजन की सप्लाई में कमी पर राहुल ने किया ट्वीट

ऑक्सीजन की सप्लाई में आ रही दिक्कतों पर राहुल गांधी ने ट्वीट कर केंद्र सरकार को अयोग्य ठहराया.

मोदी जी,सब कुछ लगाकर ऑक्सीजन की सप्लाई कीजिए: प्रियंका गांधी

प्रियंका गांधी ने ऑक्सीजन की सप्लाई में आ रही कमी पर ट्वीट कर पीएम मोदी से निवेदन किया है कि 'सारे संसाधन लगाकर लोगों की जान बचाइए.'

चंडीगढ़ में कल एक दिन के लॉकडाउन का ऐलान

चंडीगढ़ में प्रशासन ने 21 अप्रैल को लॉकडाउन का ऐलान किया है.

झारखंड में 22 से 29 अप्रैल तक लॉकडाउन का ऐलान

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड में बढ़ते कोरोना संक्रमण की चेन को तोड़ना नितांत आवश्यक है. इसलिए राज्य में 'स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह' को लेकर निर्णय लिया गया है. यह 22 अप्रैल सुबह 6 बजे से 29 अप्रैल सुबह 6 बजे तक लागू होगा. आप सभी से अपील है कृपया नियमों का कड़ाई से पालन करें.

कांग्रेस नेता राहुल गांधी कोरोना पॉजिटिव, हल्के लक्षण

कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं. राहुल गांधी ने खुद ट्विटर पर इस बात की जानकारी दी. उन्होंने लिखा कि उनमें फिलहाल कोरोना के हल्के लक्षण पाए गए हैं. साथ ही राहुल ने तमाम उन लोगों से अपील की जो पिछले दिनों उनके संपर्क में आए हैं और कहा कि सभी सेफ्टी प्रोटोकॉल का ध्यान रखें.

अस्पतालों में अगले 4-5 दिनों में 2700 नए बेड्स बढ़ाएंगे: सिसोदिया

दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने मंगलवार को कहा कि दिल्ली सरकार दिल्ली के अस्पतालों में बेड की संख्या बढ़ाने के लिए युद्धस्तर पर काम कर रही है. उन्होंने साथ ही लोगों को लॉकडाउन का सही तरीके से पालन करने की अपील की. उन्होंने कहा कि लोगों को पैनिक नहीं होना चाहिए. उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए यह बात कही.

अरविंद केजरीवाल की पत्नी COVID पॉजिटिव, सीएम क्वॉरंटीन

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपनी पत्नी की कोरोना वायरस टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद खुद को क्वारंटीन कर लिया है. उनकी पत्नी होम आइसोलेशन में हैं.

राजनाथ सिंह ने COVID19 स्थिति पर समीक्षा बैठक की

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रक्षा मंत्रालय की तैयारियों और #COVID19 स्थिति पर समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की.

यूपी में शनिवार-रविवार को लगेगा वीकेंड लॉकडाउन

यूपी में शनिवार-रविवार को वीकेंड लॉकडाउन लगाया जाएगा. ये लॉकडाउन शुक्रवार रात 8 बजे से शुरू होकर सोमवार सुबह 7 बजे तक चलेगा. इस दौरान सिर्फ जरूरी सेवाएं जारी रहेंगी. यूपी सरकार ने कहा है कि सभी जिलों में नाइट कर्फ्यू लागू रहेगा.

कोरोना पॉजिटिव हुए मुख्य चुनाव आयुक्त सुशील चंद्रा

देश के मुख्य निर्वाचन आयुक्त सुशील चंद्रा और कमिश्नर राजीव कुमार कोरोना पॉजिटिव हुए हैं. दोनों अधिकारी अब वर्चुअल मोड में कार्य कर रहे हैं. पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव को कराने के लिए दोनों अधिकारियों की ओर से नियमित तौर पर ऑनलाइन बैठकें की जा रही है. यह जानकारी निर्वाचन आयोग के सूत्रों ने दी है.

केंद्रीय मंत्री डॉ जितेंद्र सिंह कोरोना संक्रमित

केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने ट्वीटकर जानकारी दी कि वो कोरोना से संक्रमित हैं.

सुप्रीम कोर्ट ने इलाहाबाद HC के लॉकडाउन आदेश पर रोक लगाई

सुप्रीम कोर्ट ने इलाहाबाद हाई कोर्ट के उत्तर प्रदेश के पांच शहरों में लॉकडाउन आदेश पर रोक लगा दी है. इस आदेश को यूपी सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी.

यूपी में ऑक्सीजन की कमी नहीं: योगी आदित्यनाथ

योगी आदित्यनाथ सरकार ने केंद्र से 750 टन ऑक्सीजन प्राप्त किया है और राज्य भर में 81 इकाइयां प्रति दिन 900 टन से अधिक ऑक्सीजन का उत्पादन कर रही हैं. राज्य में ऑक्सीजन की कमी नहीं होने का दावा करते हुए, सरकार के प्रवक्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 100 से अधिक बेड वाले अस्पतालों को खुद की ऑक्सीजन प्लांट लगाने के लिए कहा है. प्रवक्ता ने कहा कि इससे तरल ऑक्सीजन पर उनकी निर्भरता काफी हद तक कम हो जाएगी.

पूर्व PM मनमोहन सिंह की हालत स्थिर: स्वास्थ्य मंत्री

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की हालत स्थिर है. सिंह का कोविड टेस्ट पॉजिटिव आने के बाद सोमवार को उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया था.

यूपी में मास्क ना पहनने पर शख्स पर लगा 10 हजार का जुर्माना

यूपी के देवरिया का एक शख्स पर मास्क न पहनने के लिए 10,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया है. यह दूसरी बार था जब वह शख्स बिना मास्क के पकड़ा गया था. इससे पहले उस पर मास्क नहीं पहनने पर 1,000 रुपये का जुमार्ना लगाया गया था.

इलाहाबादHC के लॉकडाउन आदेश को यूपी सरकार ने SC में दी चुनौती

इलाहाबाद HC के लॉकडाउन आदेश को यूपी सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है. सरकार ने कहा है कि हाई कोर्ट के पास ऐसे निर्देश देने का अधिकार नहीं है. हाई कोर्ट ने 19 अप्रैल को यूपी के पांच शहरों में लॉकडाउन लगाने का आदेश दिया था.

भारत के चीफ जस्टिस की बेंच आज इस मामले पर सुनवाई करेगी

दंतेवाड़ा में नक्सलियों के साथ सुरक्षाबलों की मुठभेड़

दंतेवाड़ा के एसपी अभिषेक पल्लव ने बताया है कि आज सुबह 6 बजे दंतेवाड़ा में मलांगिर एरिया के नक्सलियों के साथ सुरक्षाबलों की मुठभेड़ हुई, जिसके बाद सर्च के दौरान एक मुओवादी की लाश मिली. पल्लव ने कहा, "इसके ऊपर 15 से अधिक अपराधिक मुकदमें दर्ज थे और छत्तीसगढ़ शासन ने इस पर 5 लाख का इनाम घोषित किया था."

मेरठ: शक के आधार पर पति ने गर्भवती पत्नी की हत्या की

मेरठ के भवनपुर इलाके में शक के अधार पर एक व्यक्ति ने अपनी छह वर्षीय बेटी के सामने पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी. पीड़िता 28 वर्षीय मीनाक्षी सिंह सात महीने की गर्भवती थी और अपने माता-पिता के साथ रह रही थीं.

यूपी सहित देश में वेंटिलेटर की कमी को खत्म करेगा नोएडा

वेंटिलेटर की कमी को दूर करने के लिए नोएडा की कंपनी एग्वा हेल्थ केयर आगे आयी है. इस कंपनी ने बीते साल 500 वेंटिलेटर प्रदेश सरकार को उपलब्ध कराए थे. अब फिर यह कंपनी प्रदेश के सरकारी और निजी अस्पतालों को वेंटिलेटर मुहैया कराने की मुहिम में जुट गई है. जल्दी ही यह कंपनी राज्य के सरकारी तथा निजी अस्पतालों को उनकी मांग के मुताबिक वेंटिलेटर उपलब्ध करायेगी. एग्वा हेल्थकेयर के सीईओ दिवाकर वैश्य के अनुसार, केंद्र सरकार के निर्देश पर राज्यों के लिए 700 वेंटिलेटर बनाकर कंपनी ने केंद्र को गत दिनों दिए हैं.

दुनिया में कोरोना संक्रमितों की संख्या 14.18 करोड़ के पार

वैश्विक कोविड-19 संक्रमितों का आकड़ा 14.18 करोड़ के पार हो गया है, जबकि इस महामारी से 30.2 लाख लोग अपनी जान गंवा चुके हैं. जॉन्स हॉपकिन्स विश्वविद्यालय ने यह जानकारी दी. मंगलवार सुबह अपने नवीनतम अपडेट में विश्वविद्यालय के सेंटर फॉर सिस्टम साइंस एंड इंजीनियरिंग (सीएसएसई) ने बताया कि वर्तमान में वैश्विक संक्रमितों और मौतों की संख्या क्रमश: 14,18,13,257 और 30,27,353 हो गई है.

देश में कुल 12,71,29,113 लोगों को कोरोना वायरस की वैक्सीन लगाई गई है

भारत में पिछले 24 घंटों में 2.59 लाख COVID केस, 1761 मौतें

भारत में पिछले 24 घंटों में 2.59 लाख COVID केस सामने आए हैं. वहीं एक दिन में 1761 मौतें दर्ज हुई हैं. भारत में सक्रिय केस अब 20,31,977 पहुंच गए हैं.

ICSE ने क्लास 10 के बोर्ड एग्जाम रद्द किए

ICSE ने कोविड मामले बढ़ने की वजह से क्लास 10 के बोर्ड एग्जाम रद्द कर दिए हैं. क्लास 12 के बोर्ड एग्जाम पहले ही स्थगित किए गए थे.

पीएम मोदी आज शाम 6 बजे वैक्सीन मैन्युफेक्चरर्स के साथ बैठक करेंगे

पीएम नरेंद्र मोदी आज शाम 6 बजे वैक्सीन मैन्युफेक्चरर्स के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक करेंगे. कल पीएम मोदी ने डॉक्टर और फार्मा कंपनियों के साथ बातचीत की थी.

यूपी में चार कंपनियों को मिला रेमडेसिविर का ऑर्डर

उत्तर प्रदेश में रेमडेसिविर इंजेक्शन की किल्लत दूर करने के लिए जुबिलियंट फार्मा की ओर से करीब 25000 वायल की आपूर्ति कर दी जाएगी। यही नहीं, अगले दो से तीन दिनों के भीतर प्रदेश में पौने तीन लाख इंजेक्शन की उपलब्धता होनी तय है. बताया गया है कि जुबिलियंट फार्मा, कैडिला, माइलिन और सिप्ला जैसी निर्माता कंपनियों को 2,75,000 रेमिडीसीवीर की डिमांड भेजी गई हैं.

सीरिया में हवाई हमले में 200 विद्रोही मारे गए : रूस

सीरिया के एक विद्रोही शिविर में रूस की ओर से किए गए हवाई हमले में कम से कम 200 लड़ाकू मारे गए. मास्को में सैन्य सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी. समाचार एजेंसी डीपीए ने सीरिया में मौजूद रूसी सैन्य नेताओं के हवाले से कहा कि इसके अलावा, पलमायरा के पास शिविर में बड़ी मात्रा में गोला-बारूद और अन्य युद्धक सामग्री नष्ट कर दी गई.

यूएन की खुली बहस में हिस्सा लेंगे चीनी विदेश मंत्री

चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता वांग वनपिन ने 19 अप्रैल को यह घोषणा की कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद 19 अप्रैल को 'संयुक्त राष्ट्र संघ व क्षेत्रीय व उप क्षेत्रीय संगठनों के बीच सहयोग मजबूत करने' की उच्चस्तरीय खुली बहस आयोजित करेगा. चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग के विशेष प्रतिनिधि, चीनी विदेश मंत्री वांग यी इसमें भाग लेंगे. यह सम्मेलन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित होगा.

बीपीसीएल ने मेडिकल ग्रेड ऑक्सीजन की आपूर्ति शुरू की

तेल विपणन प्रमुख बीपीसीएल ने कोविड-19 के गंभीर रोगियों की कमी को देखते हुए अस्पतालों को 'नो कॉस्ट' पर मेडिकल ग्रेड ऑक्सीजन की आपूर्ति शुरू कर दी है. कंपनी प्रतिमाह करीब 100 मीट्रिक टन आपूर्ति करेगी.

COVID केस बढ़ने पर US ने नागरिकों से कहा- भारत यात्रा से बचें

अमेरिका की मेडिकल संस्था CDC ने अपने नागरिकों को सलाह दी है कि वो भारत यात्रा से बचें. भारत में COVID केस बढ़ने की वजह से CDC ने वैक्सीनेटेड लोगों को भी यात्रा न करने की सलाह दी है.

पूर्व अमेरिकी उपराष्ट्रपति वॉल्टर मोंडेल का निधन

पूर्व अमेरिकी उपराष्ट्रपति वॉल्टर मोंडेल का निधन हो गया है. वो 93 साल के थे.

नई दिल्ली, चांदनी चौक मेट्रो स्टेशन अस्थायी रूप से बंद

नई दिल्ली और चांदनी चौक मेट्रो स्टेशन पर एंट्री अस्थायी रूप से बंद किए गए हैं. ये दोनों स्टेशन नई दिल्ली और पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन के लिए मेट्रो सेवाएं देते हैं. DMRC का कहना है कि सोशल डिस्टेंसिंग सुनिश्चित करने के लिए ऐसा किया गया है. लोग स्टेशनों से एग्जिट कर सकते हैं.

चेन्नई: विमान में मास्क नहीं पहने यात्री पर जुर्माना

एक घरेलू विमान में सोमवार को सवार एक हवाई यात्री पर मास्क न पहनने के कारण जुर्माना लगाया गया. एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी. पुलिस के मुताबिक, केरल के कन्नूर से यात्री चेन्नई जाने वाली फ्लाइट में सवार हुआ, लेकिन केबिन क्रू, पायलट और अन्य लोगों के कई अनुरोध के बावजूद उसने मास्क पहनने से इनकार कर दिया. उसने केबिन क्रू के साथ बहस भी की.

कर्फ्यू के दौरान जमाखोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का निर्देश

केंद्र सरकार के उपभोक्ता मामलों के विभाग ने सभी राज्यों को कर्फ्यू के दौरान जमाखोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं, ताकि महामारी के चलते लगाए गए कर्फ्यू के दौरान आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति में दिक्कत न हो. इस सिलसिले में सोमवार को राज्यों के खाद्य एवं उपभोक्ता मामलों के विभाग के मुख्य सचिवों के साथ हुई बैठक में मंत्रालय की अतिरिक्त सचिव निधि खरे ने देशभर में आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता और मूल्य की समीक्षा की. इसके अलावा, यह भी चर्चा की गई कि खाद्य पदार्थों, दवाओं, स्वच्छता उत्पादों और आवश्यक सेवाओं सहित आवश्यक आपूर्तियों की कीमत न बढ़े और वे उचित मूल्य पर उपलब्ध रहें.

Published: 20 Apr 2021,07:19 AM IST

SCROLL FOR NEXT