Clubhouse क्लिप पर बंगाल में BJP Vs प्रशांत किशोर, क्या है मामला?

बीजेपी आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने ट्विटर पर कई क्लिप शेयर की हैं. 
क्विंट हिंदी
पॉलिटिक्स
Updated:
प्रशांत किशोर | (फोटो: IANS)
प्रशांत किशोर

बीजेपी आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने क्लबहाउस प्लेटफॉर्म पर हुई एक चैट का हवाला देते हुए शनिवार को दावा किया कि चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने माना है कि टीएमसी के आंतरिक सर्वे के हिसाब से भी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बीजेपी जीत रही है. हालांकि, इसके बाद प्रशांत किशोर ने कहा कि बीजेपी को हिम्मत दिखाकर पूरी चैट शेयर करनी चाहिए, पार्टी 100 सीट का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाएगी.

मालवीय ने ट्विटर पर एक ऑडियो क्लिप शेयर कर लिखा, ''क्लबहाउस की एक पब्लिक चैट में, (पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और टीएमसी नेता) ममता बनर्जी के चुनावी रणनीतिकार ने माना कि टीएमसी के आंतरिक सर्वे में भी बीजेपी जीत रही है. वोट मोदी के लिए है, ध्रुवीकरण एक वास्तविकता है, एससी (बंगाल की आबादी का 27%), मतुआ सभी बीजेपी के लिए मतदान कर रहे हैं. बीजेपी के पास जमीन पर कैडर है.''

उन्होंने एक और ट्वीट कर कहा, ‘’ममता बनर्जी के चुनावी रणनीतिकार ने एक और बात खरे तौर पर मानी - लेफ्ट, कांग्रेस और टीएमसी ईकोसिस्टम ने पिछले 20 सालों में मुस्लिम तुष्टिकरण किया है. मतलब? इसके चलते जमीन पर आक्रोश है. बोलने वालों को एहसास नहीं था कि चैट सार्वजनिक थी!’’

इसके अलावा मालवीय ने लिखा, ''मोदी बंगाल में बेहद लोकप्रिय हैं और इसमें कोई संदेह नहीं है. देशभर में उनके आसपास एक पंथ है. टीएमसी के खिलाफ एंटी-इनकंबेंसी है. ध्रुवीकरण एक वास्तविकता है, एससी वोट एक कारक है और बीजेपी की चुनावी मशीनरी भी है, ममता बनर्जी के रणनीतिकार ने एक ओपन चैट में कहा.''

इस मामले पर प्रशांत किशोर ने भी ट्वीट कर जवाब दिया है. उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, ''मुझे खुशी है कि बीजेपी मेरी चैट को अपने नेताओं के शब्दों से ज्यादा गंभीरता से ले रही है! उन्हें इसके पार्ट्स के चुनिंदा इस्तेमाल से उत्साहित होने के बजाय साहस दिखाना चाहिए और पूरी चैट को शेयर करना चाहिए.''

इसके आगे प्रशांत किशोर ने कहा, ''मैंने पहले भी यह कहा है और फिर से दोहरा रहा हूं - बीजेपी पश्चिम बंगाल में 100 (सीट का आंकड़ा) पार नहीं करेगी.''

(हैलो दोस्तों! हमारे Telegram चैनल से जुड़े रहिए यहां)

Published: 10 Apr 2021,03:06 PM IST

SCROLL FOR NEXT