COVID | केजरीवाल बोले- तेजी से खत्म हो रहे बेड, ऑक्सीजन की भी कमी

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार से मदद मांगी है.

अरविंद केजरीवाल
i

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि कोरोना वायरस के बढ़ते कहर के बीच अस्पतालों में बेड तेजी से खत्म हो रहे हैं. ऐसे में उन्होंने केंद्र सरकार से मदद मांगी है.

केजरीवाल ने COVID-19 की स्थिति को लेकर 18 अप्रैल को बताया, ‘’दिल्ली में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के लगभग साढ़े पच्चीस हजार केस आए हैं.​ चिंता की बात है कि पिछले 24 घंटे में पॉजिटिविटी रेट बढ़कर करीब 30 फीसदी हो गया है. मामले बहुत तेजी से बढ़ रहे हैं.’’

दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा कि COVID-19 के मरीजों के लिए बेड बहुत तेजी से खत्म हो रहे हैं, ICU बेड की काफी कमी हो गई है. उन्होंने बताया, ''पूरी दिल्ली में 100 से भी कम ICU बेड बचे हैं. ऑक्सीजन की भी काफी कमी है. हम लगातार केंद्र सरकार के संपर्क में हैं और हमें केंद्र सरकार से मदद मिल रही है.''

केजरीवाल ने रविवार को कहा, ''कल मेरी (केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री) डॉ. हर्षवर्धन से बात हुई, मैंने उन्हें बताया कि हमें बेड और ऑक्सीजन की बहुत ज्यादा जरूरत है. आज (केंद्रीय गृह मंत्री) अमित शाह से बात हुई, मैंने उन्हें भी बताया कि बेड की बहुत जरूरत है. दिल्ली में केंद्र सरकार के अस्पतालों में 10000 बेड हैं, उसमें 1800 बेड कोरोना के लिए आरक्षित हैं.''

केजरीवाल ने केंद्र से अनुरोध किया है कि ‘इतनी गंभीर परिस्थिति में’ कम से कम 7000 बेड कोरोना के लिए आरक्षित किए जाएं और दिल्ली को तुरंत ऑक्सीजन की सप्लाई की जाए.

उन्होंने कहा, ''स्कूलों में भी बेड लगाए जा रहे हैं. हम 2-3 दिन में यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, सीडब्ल्यूजी स्टेडियम और राधा स्वामी सत्संग ब्यास में 6000 ऑक्सीजन बेड तैयार कर लेंगे.'' केजरीवाल ने कहा कि उनकी सरकार अस्पतालों में हाई फ्लो ऑक्सीजन बेड का भी इंतजाम कर रही है.

(हैलो दोस्तों! हमारे Telegram चैनल से जुड़े रहिए यहां)

Published: 
क्विंट हिंदी के साथ रहें अपडेट

सब्स्क्राइब कीजिए हमारा डेली न्यूजलेटर और पाइए खबरें आपके इनबॉक्स में

120,000 से अधिक ग्राहक जुड़ें!