अब से कुछ घंटों में ये साफ हो जाएगा कि नीतीश कुमार के मंत्री कौन-कौन होंगे. इससे पहले खबर ये है कि बीजेपी विधानमंडल दल के नेता तारकिशोर प्रसाद और उपनेता रेणु देवी डिप्टी सीएम बनाए जा सकते हैं. इससे पहले न्यूज एजेंसी एएनआई ने बताया कि प्रसाद खुद कह रहे हैं कि उन्हें और रेणु को डिप्टी सीएम बनाया जा सकता है.
‘’निश्चित रूप से ऐसे संकेत हैं कि मैं और रेणु जी बिहार के उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे.’’राजकिशोर प्रसाद
तारकिशोर प्रसाद वैश्य समुदाय से आते हैं वहीं रेणु देवी अति पिछड़ा समुदाय नोनिया जाति से हैं.
तारकिशोर प्रसाद
64 वर्षीय बीजेपी नेता तारकिशोर प्रसाद हाल ही में हुए बिहार विधानसभा चुनाव में कटिहार सीट से जीते हैं. इस चुनाव में उन्होंने आरजेडी नेता रामप्रकाश महतो को 10519 वोटों से हराया.
हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक, प्रसाद बीजेपी के टिकट पर अक्टूबर 2005 में कटिहार से जीते थे, उन्होंने तब से लेकर अब तक कभी भी इस सीट को गंवाया नहीं है. वह आरएसएस से जुड़े अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में कई जिम्मेदारियां उठा चुके हैं.उन्होंने अपने चुनावी हलफनामे में अपना पेशा कृषि बताया है. हलफनामे में प्रसाद ने खुद को इंटरमीडिएट पास बताया है.
रेणु देवी
रेणु देवी बिहार की बेतिया सीट से BJP की विधायक हैं. उन्होंने कांग्रेस के मदन मोहन तिवारी को 18 हजार वोटों से हराकर चुनाव जीता है. वो इससे पहले भी बिहार सरकार में मंत्री रह चुकी हैं. रेणु देवी बिहार की डिप्टी सीएम बनने वाली बिहार की पहली महिला हैं. रेणु देवी पहली बार 2000 में एएमएलए बनी थीं. 2005 और 2010 में भी विधायक बनीं, हालांकि 2015 के चुनाव में वो कांग्रेस उम्मीदवार से हार गई थीं, लेकिन 2020 में एक बार जीतकर आई हैं. इस विधानसभा क्षेत्र से वो पांचवीं बार प्रतिनिधित्व करते हुए विधायक चुनी गईं.
(हैलो दोस्तों! हमारे Telegram चैनल से जुड़े रहिए यहां)

