ADVERTISEMENTREMOVE AD

शिवराज ने मध्यप्रदेश को किसान आत्महत्या, भ्रष्टाचार में नंबर एक बनाया : राहुल

शिवराज ने मध्यप्रदेश को किसान आत्महत्या, भ्रष्टाचार में नंबर एक बनाया : राहुल

Published
न्यूज
3 min read
story-hero-img
i
छोटा
मध्यम
बड़ा
Hindi Female
ADVERTISEMENTREMOVE AD

सतना, 27 सितंबर (आईएएनएस)| कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने यहां गुरुवार को मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर तंज कसते हुए कहा कि उन्होंने राज्य को किसान आत्महत्या, भ्रष्टाचार सहित अन्य मामलों में 'नंबर एक' बना दिया है। इस मामले में देश के अन्य राज्य इससे पीछे छूट गए हैं। मध्यप्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर यहां पहुंचे राहुल गांधी ने कामतानाथ मंदिर में पूजा करने के बाद चित्रकूट में एक नुक्कड़ सभा में चुटकी लेते हुए कहा, यह सही है कि राज्य के मुख्यमंत्री चौहान ने प्रदेश को कई मामलों में पीछे छोड़ दिया है, राज्य किसान आत्महत्या, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, बदहाल शिक्षा व्यवस्था के मामले में देश में सबसे आगे है।

उन्होंने आगे कहा, राज्य में व्यापम घोटाले ने शिक्षा व्यवस्था को चौपट कर दिया है, ई-टेंडिरिंग का सबसे बड़ा घोटाला हुआ है। राज्य में कांग्रेस की सरकार आते ही किसानों के कर्ज माफ कर दिए जाएंगे और युवाओं को रोजगार दिलाने में सरकार पूरा दम लगा देगी।

महिलाओं के खिलाफ अपराध की बढ़ती घटनाओं और कई मामलों में भाजपा नेताओं के नाम सामने आने पर 'बेटी बचाओ और बेटी पढ़ाओ' नारे का जिक्र करते हुए मुख्य विपक्षी पार्टी के प्रमुख ने प्रधानमंत्री पर तंज कसते हुए कहा, उत्तर प्रदेश के एक भाजपा विधायक पर युवती के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा, उस पर प्रधानमंत्री ने एक शब्द नहीं बोला, बल्कि उस विधायक को बचाने की कोशिश की गई। वे नारा तो देते हैं- बेटी बचाओ और बेटी पढ़ाओ का, जबकि होना चाहिए बेटी पढ़ाओ और भाजपा के विधायकों से बचाओ।

राहुल ने महिलाओं से वादा किया कि उनकी सरकार आते ही महिला सुरक्षा पर विशेष ध्यान देगी। उन्हें किसी तरह का डर नहीं होगा। कांग्रेस का मुख्यमंत्री इन सारे हालात को बदल देगा।

कांग्रेस प्रमुख ने राफेल खरीदी का मुद्दा उठाते हुए कहा, राफेल लड़ाकू विमान की खरीदी में गड़बड़ी हुई है। मोदी ने अपने मित्र अनिल अंबानी को फायदा पहुंचाने के लिए भारत सरकार की कंपनी हिंदुस्तान एरेनोटिकल लिमिटेड (एचएएल) से ठेका छीनकर अंबानी की कंपनी को दिलाया है। कांग्रेस काल में इस लड़ाकू विमान की कीमत 526 करोड़ रुपये थी, मगर अब उसी को 1600 करोड़ में खरीदा जा रहा है।

राहुल ने कहा, देश का चौकीदार चोरी कर रहा है, यही कारण है कि उसमें देश के युवाओं से आंख से आंख मिलाने की हिम्मत नहीं पड़ रही है। सरकार राफेल का दाम बताने को तैयार नहीं है। फ्रांस से हुए समझौते का हवाला दिया जाता है, मगर फ्रांस के राष्ट्रपति कहते हैं कि सरकार चाहे तो विमान के दाम बता सकती है, फ्रांस की ओर से दाम न बताने की कोई बाध्यता या शर्त नहीं है।

देश में बढ़ती बेरोजगारी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, देश में बेरोजगारी बढ़ रही है, लेकिन सरकार का इस तरफ ध्यान नहीं है। मोदीजी ने हर साल दो लाख युवाओं को नौकरी देने का वादा किया था, लेकिन साढ़े चार साल में यह वादा भी वह पूरा नहीं कर पाए। वे बात तो मेड इन इंडिया की बात करते हैं, मगर सरदार पटेल की प्रतिमा भारत के नहीं, चीन के लोग बना रहे हैं। इससे रोजगार चीन के युवाओं को मिला है, भारत का युवा बेरोजगार है।

राहुल ने आगे कहा, मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार आते ही सबसे पहले किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा, युवाओं को रोजगार देने के प्रयास होंगे। हमारे देश में अब मेड इन चाइना नहीं, बल्कि मेड इन इंडिया, मेड इन चित्रकूट दिखेगा।

मध्यप्रदेश की सीमा से लगते चित्रकूट पहुंचे, कांग्रेस अध्यक्ष ने कामतानाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की। उनके साथ पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ, प्रचार अभियान समिति के अध्यक्ष ज्योतिरादित्य सिंधिया सहित अन्य नेता मंदिर में मौजूद रहे।

राहुल शाम को सतना से बस द्वारा रीवा के लिए संकल्प यात्रा पर निकलेंगे।

राहुल जिस बस में सवार होंगे, उसमें राज्य के प्रमुख कांग्रेस नेता भी उनके साथ रहेंगे। इस संकल्प यात्रा का रीवा में कई स्थानों पर स्वागत होगा। कांग्रेस प्रमुख शुक्रवार को रीवा जिले में कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।

(ये खबर सिंडिकेट फीड से ऑटो-पब्लिश की गई है. हेडलाइन को छोड़कर क्विंट हिंदी ने इस खबर में कोई बदलाव नहीं किया है.)

(हैलो दोस्तों! हमारे Telegram चैनल से जुड़े रहिए यहां)

0
सत्ता से सच बोलने के लिए आप जैसे सहयोगियों की जरूरत होती है
मेंबर बनें
अधिक पढ़ें
×
×