1 दिसंबर को देश के अटॉर्नी जनरल केके वेणुगोपाल ने कॉमिक आर्टिस्ट रचिता तनेजा के खिलाफ अवमानना का केस चलाने को मंजूरी दे दी है. बता दें कि तनेजा सोशल मीडिया पर वेब कॉमिक 'सैनिटरी पैनल' को चलती हैं. ये एक तरह से कार्टूनों के अंदाज में समसामयिक मुद्दों पर अपनी कलाकारी के जरिए अपनी विचार रखती हैं. बार एंड बेंच की रिपोर्ट के मुताबिक अवमानना चलाने की मंजूरी लॉ स्टूडेंट आदित्य कश्यप की अर्जी पर दी गई थीं.
अटॉर्नी जनरल ने सुप्रीम कोर्ट पर किए गए ट्वीट्स को लेकर कॉमिक आर्टिस्ट रचिता तनेजा के खिलाफ अदालती कार्यवाही शुरू करने की अनुमति दी है. AG वेणुगोपाल ने कहा कि तनेजा के ट्वीट में ऐसा प्रदर्शित किया गया है कि सुप्रीम कोर्ट “सत्ताधारी पार्टी के प्रति पक्षपाती है.”
रचिता तनेजा कौन हैं?
रचिता तनेजा जिन पर अब अवमानना का केस चलने वाला है वो एक आर्टिस्ट/कार्टूनिस्ट हैं. ये सोशल मीडिया वेब कॉमिक 'Sanitary Panels’ चलाती हैं. 'Sanitary Panels’ 2014 में शुरू हुआ था. तनेजा इंटरनेट फ्रीडम फाउंडेशन की भी सह-संस्थापक रही हैं. बता दें कि ये फाउंडेशन नेट न्यूट्रेलिटी, प्राइवेसी और बोलने की आजादी जैसे मुद्दों की पैरवी करता है.
सैनिटरी पैनल क्या है?

तनेजा के मुताबिक 'सैनिटरी पैनल्स एक फेमिनिस्ट वेबकॉमिक है जो राजनीति, समाज और संस्कृति पर कमेंट करता है. सैनिटरी पैनल्स सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर मौजूद है. मेंटल हेल्थ से लेकर तमाम सामाजिक मुद्दों पर व्यंग्यात्मक अभिव्यक्तियां यहां बयां की जाती हैं. तनेजा सिर्फ पेन और कागज के जरिए ही अपने कॉमिक बनाती हैं.'
इसके पहले के विवाद
ये पहली बार नहीं है जब सैनिटरी पैनल पर सवालिया निशान खड़े हुए हों. 31 अक्टूबर 2018 को तनेजा ने सैनिटरी पैनल पर एक कॉमिक शेयर किया. कॉमिक में फेसबुक की आलोचना की गई थी. लेकिन फेसबुक ने ये कॉमिक अपने प्लेटफॉर्म से हटा लिया.
तनेजा ने तब इसके बार में ट्वीट भी किया था.
बाद में फेसबुक ने ये अकाउंट अनब्लॉक कर दिया. तनेजा ने फेसबुक को बताया कि फेसबुक ने न तो उन्हें ये जानकारी दी कि पोस्ट क्यों हटाया गया और न ही तनेजा को अपील करने का कोई मौका दिया. रचिता तनेजा की रचनाएं आप सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर जाकर @sanitarypanels के नाम से सर्च करके देख सकते हैं.
तनेजा ने ट्वीट्स में क्या लिखा था?
टीवी न्यूज एंकर अर्णब गोस्वामी को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद, तनेजा ने अपने ट्विटर हैंडल- @sanitarypanels से 12 नवंबर को एक कैरिकेचर पोस्ट किया था, जिसमें तीन कैरेक्टर थे.
इसमें एक कैरेक्टर के चेहरे पर BJP लिखा हुआ था, वहीं दूसरे पर सुप्रीम कोर्ट लिखा है. इन दोनों कैरेक्टर के बीच, एक छोटा कैरेक्टर था, जो माइक्रोफोन के साथ देखा जा सकता था, उसपर ‘R’ लिखा था. इस फोटो के साथ लिखा था, “तू जानता नहीं मेरा बाप कौन है.”
(हैलो दोस्तों! हमारे Telegram चैनल से जुड़े रहिए यहां)

