क्या ममता बनर्जी को नंदीग्राम विधानसभा सीट से हार का डर सता रहा है, इसलिए वो किसी और सीट से भी विधानसभा का चुनाव लड़ेंगी? ये सवाल पीएम मोदी ने एक चुनावी रैली में किया है. अब पीएम मोदी के सवाल पर ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी का जवाब आया है. टीएमसी ने कहा है कि दीदी नंदीग्राम जीत रही हैं और पीएम मोदी 2024 में अपने लिए कोई सुरक्षित सीट तलाश लें क्योंकि उन्हें वाराणसी में चुनौती मिलेगी.
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हावड़ा के उलुबेरिया में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी के हार की बात कही थी, उन्होंने कहा,
‘’अभी कुछ देर पहले नंदीग्राम में जो हुआ हम सभी ने देखा. यह दिखाता है कि ममता बनर्जी हार मान चुकी हैं. दीदी अभी भी आखिरी चरण के लिए नामांकन का समय बाकी है. जरा बताइए कि अफवाह में कितनी सच्चाई है कि आप अचानक किसी और एक सीट पर नामांकन दाखिल करने जा रही हैं. ये सच है क्या? दीदी पहली बार वहां (नंदीग्राम) गईं, आपको जनता ने दिखा दिया. अब कहीं और जाओगी, बंगाल के लोग तैयार बैठे हैं. ‘’
अब इसके जवाब में टीएमसी के ट्विटर हैंडल पर लिखा है,
दीदी नंदीग्राम जीत रही हैं. दूसरी सीट से उनके लड़ने का सवाल ही नहीं उठता. नरेंद्र मोदी जी, लोगों को गुमराह करने की आपकी कोशिश से पीछे हट जाइए, इससे पहले कि लोग नांमाकन के खत्म होने से पहले आपके झूठ को देख लें. आप (पीएम नरेंद्र मोदी) 2024 में सुरक्षित सीट की तलाश कर लीजिए क्योंकि आपको वाराणसी में चुनौती दी जाएगी.
ममता बनर्जी के दूसरे सीट से चुनाव लड़ने पर टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने भी पीएम मोदी पर हमला बोला है. उन्होंने कहा, “हां श्रीमान प्रधानमंत्री, वह लड़ेंगी. और वो सीट वाराणसी होगी!
तो जाइए अपने कवच तैयार कर लीजिए.”
बता दें कि शुक्रवार को बंगाल में दूसरे फेज की 30 सीटों पर वोटिंग हुई, जिसमें नंदीग्राम विधानसभा सीटभी शामिल है. नंदीग्राम में ममता बनर्जी का मुकाबला उन्हीं के पूर्व सहयोगी सुवेंदु अधिकारी से है. अभी हाल ही में चुनाव से पहले सुवेंदु अधिकारी तृणमूल कांग्रेस को छोड़ बीजेपी में शामिल हो गए थे.
(हैलो दोस्तों! हमारे Telegram चैनल से जुड़े रहिए यहां)

