नंदीग्राम: वोटिंग और विवाद, ममता बोलीं- इतना बुरा चुनाव नहीं देखा

बोयाल पोलिंग बूथ पर मतदान के दौरान विवाद, ममता ने बीजेपी और चुनाव आयोग पर लगाए आरोप

नंदीग्राम: वोटिंग और विवाद, ममता बोलीं- इतना बुरा चुनाव नहीं देखा

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनावों के लिए 1 अप्रैल को दूसरे चरण का मतदान हुआ. बंगाल के पूरे चुनाव की सबसे हाईप्रोफाइल सीट नंदीग्राम में वोटिंग के दौरान हिंसा और विवाद की कुछ घटनाएं सामने आई हैं. TMC ने बीजेपी पर कई सारे गंभीर आरोप लगाए. ममता बनर्जी ने राज्यपाल से बात की और पार्टी ने चुनाव आयोग में शिकायत की. बीजेपी और टीएमसी ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए. लेकिन चुनाव आयोग ने जवाब में कहा- मतदान प्रभावित नहीं हुआ.

रिपोर्ट्स के मुताबिक पहले बीजेपी प्रत्याशी सुवेंदु अधिकारी की गाड़ी पर हमला हुआ. वहीं ममता बनर्जी ने एक पोलिंग बूथ पर टीएमसी समर्थकों को वोट डालने से रोकने का आरोप लगाया. हालांकि चुनाव आयोग ने बूथ पर निष्पक्ष मतदान की बात कही है.

ऐसा बुरा चुनाव कभी नहीं देखा: ममता बनर्जी

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी नंदीग्राम के बोयाल पोलिंग बूथ पर मतदान का जायजा लेने के लिए पहुंची. इस दौरान ममता बनर्जी ने मतदान में गड़बड़ी का आरोप लगाया और कहा कि बाहरी लोग, स्थानीय लोगों को मतदान करने से रोक रहे हैं.

वोटिंग में गड़बड़ी के आरोपों को लेकर ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर हमला बोला और धरने पर बैठ गईं. उन्होंने कहा कि 'अमित शाह जी अपने गुंड़ों को नियंत्रण में रखें, जो महिला पत्रकारों के साथ बदसलूकी कर रहे हैं. मैंने अब तक ऐसा बुरा चुनाव नहीं देखा है.'

ममता बनर्जी ने कहा कि, 'सुरक्षाबल के जवान बीजेपी और उनके गुंडों की मदद कर रहे हैं. मुझे दुख है कि चुनाव आयोग इस पर खामोश है. हमने कई बार शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई.'

ममता बनर्जी ने नंदीग्राम से पश्चिम बंगाल के राज्यपाल को फोन भी किया और राज्य में निष्पक्ष चुनाव कराए जाने की मांग की. ममता बनर्जी की शिकायत के बाद चुनाव आयोग के अधिकारी ममता बनर्जी से मिलने पहुंचे.

मतदान प्रभावित नहीं हुआ: चुनाव आयोग

नंदीग्राम में वोटिंग के दौरान गड़बड़ी के आरोपों को लेकर चुनाव आयोग ने कहा कि, पोलिंग बूथ नंबर 7 पर विवाद की वजह से गुरुवार को मतदान प्रभावित हुआ. इसकी जांच के लिए चुनाव पर्यवेक्षक और पुलिस अधिकारियों को भेजा गया.

चुनाव आयोग ने कहा कि अधिकारियों की रिपोर्ट में बताया गया कि बोयाल मोकताब प्राइमरी स्कूल पोलिंग स्टेशन मतदान प्रभावित नहीं हुआ.

इस संबंध में हमें पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से भी एक लिखित शिकायत पत्र मिला है, जिसे हमने स्पेशल जनरल ऑब्जर्वर अजय नायक और स्पेशल पुलिस ऑब्जर्वर विवेक दुबे को भेज दिया है और शुक्रार शाम 6 बजे तक रिपोर्ट मांगी है.
चुनाव आयोग

मीडिया की गाड़ी पर हमला, बीजेपी का टीएमसी पर आरोप

नंदीग्राम में बीजेपी प्रत्याशी सुवेंदु अधिकारी के काफिले में शामिल मीडिया की गाड़ी पर हमला हो गया. इसे लेकर सुवेंदु अधिकारी ने टीएमसी पर आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि टीएमसी समर्थित लोगों का है.

ममता बनर्जी को किसी का समर्थन नहीं मिल रहा है और वे चुनाव हार रही हैं. उन्होंने ड्रामा करके मतदान रोका और चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन किया है.
सुवेंदु अधिकारी, नंदीग्राम सीट से बीजेपी प्रत्याशी

(हैलो दोस्तों! हमारे Telegram चैनल से जुड़े रहिए यहां)

Published: 
क्विंट हिंदी के साथ रहें अपडेट

सब्स्क्राइब कीजिए हमारा डेली न्यूजलेटर और पाइए खबरें आपके इनबॉक्स में

120,000 से अधिक ग्राहक जुड़ें!