नंदीग्राम में हार का डर,अब किस सीट से चुनाव लड़ेंगी दीदी?-PM मोदी

बंगाल चुनाव के दूसरे चरणमें नंदीग्राम सीट पर हुआ मतदान, ममता बनर्जी का बीजेपी पर आरोप

पीएम मोदी, ममता बनर्जी
i

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में राज्य की सबसे हाईप्रोफाइल सीट नंदीग्राम में मतदान हो गया है. वोटिंग के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बंगाल की चुनावी सभा में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर हमला बोला और कहा कि ममता दीदी परेशान हैं और नंदीग्राम से चुनाव हार रही हैं.

“दीदी नर्वस हैं नंदीग्राम में चुनाव हार रही हैं”

पश्चिम बंगाल की चुनावी सभा में पीएम मोदी ने ममता बनर्जी पर तंज कसते हुए कहा कि, वे काफी नर्वस हैं और नंदीग्राम से चुनाव हार रही हैं.

पीएम मोदी ने कहा कि, दीदी क्या इस अफवाह में कोई सच्चाई है कि आप किसी अन्य सीट से नामांकन दाखिल करने जा रही हैं? पहले आप नंदीग्राम गईं और लोगों ने आपको जवाब दिया. अगर आप फिर कहीं जाती हैं तो बंगाल की जनता वहां भी आपको जवाब देने के लिए तैयार है.

पीएम मोदी ने कहा कि ममता बनर्जी चुनाव में हार से डरी हुई हैं, इसलिए नंदीग्राम में डेरा जमाकर बैठ गई हैं. दीदी ने कोलकाता की भवानीपुर सीट छोड़ी और नंदीग्राम गईं. तब उन्हें यहां आकर अपनी गलती का अहसास हुआ.

बंगाल में बीजेपी जीतेगी 200 सीट- पीएम मोदी

बंगाल के जॉयनगर में रैली को संबोधित करते प्रधानमंत्री मोदी ने दावा किया है कि बंगाल में बीजेपी की लहर है और विधानसभा चुनाव में बीजेपी 200 सीट जीतेगी.

वहीं, बंगाल में बीजेपी कार्यकर्ताओं की हत्याओं को लेकर टीएमसी की भूमिका पर सवाल उठाते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि, टीएमसी कूल नहीं बल्कि शूल है. बंगाल में खून का खेला अब नहीं चलेगा.

ममता बनर्जी नंदीग्राम सीट जीतेंगी- TMC

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आरोप पर टीएमसी सूत्रों ने कहा कि, ममता बनर्जी के किसी और सीट से चुनाव लड़ने का सवाल नहीं उठता है, क्योंकि वे नंदीग्राम विधानसभा सीट से चुनाव जीत रही हैं.

नंदीग्राम में वोटिंग के दौरान डटी रहीं ममता बनर्जी

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव में गुरुवार को दूसरे चरण के लिए मतदान हुआ. इस फेज में नंदीग्राम विधानसभा सीट पर भी वोटिंग हुई. इस सीट से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और सुवेंदु अधिकारी के बीच अहम मुकाबला है.

बीजेपी के कार्यकर्ता टीएमसी के समर्थकों को वोटिंग नहीं करने दे रहे हैं. चुनाव आयोग केंद्र सरकार के इशारे पर काम कर रहा है. बीजेपी दूसरे राज्यों से गुंडे लाकर चुनाव में अराजकता फैला रही है.
ममता बनर्जी, मुख्यमंत्री, पश्चिम बंगाल

ममता बनर्जी के आरोपों पर बीजेपी प्रत्याशी सुवेंदु अधिकारी ने पलटवार किया. उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी मतदाताओं का अपमान कर रही हैं. वह बीजेपी पर आरोप लगाती हैं लेकिन टीएमसी के कार्यकर्ताओं की गुंडागर्दी पर कुछ नहीं बोलती हैं.

(हैलो दोस्तों! हमारे Telegram चैनल से जुड़े रहिए यहां)

क्विंट हिंदी के साथ रहें अपडेट

सब्स्क्राइब कीजिए हमारा डेली न्यूजलेटर और पाइए खबरें आपके इनबॉक्स में

120,000 से अधिक ग्राहक जुड़ें!